Sahibganj : साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के अंबाडिया पंचायत के पोलमा गांव में युवक को गोली मारने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जानकारी डीएसपी हेडक्वार्टर विजय कुमार कुशवाहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।
27 अप्रैल की रात हुई थी वारदात
पुलिस के मुताबिक 27 अप्रैल की शाम करीब 7:30 बजे 26 वर्षीय अनिल बेसरा किसी काम से लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन-चार अपराधियों ने उस पर पीछे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हमले में अनिल बेसरा की पीठ में दो गोली लगी, जिसके बाद वह वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी उसका मोबाइल और सामान लेकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अनिल को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
SIT का गठन, तेजी से हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तुरंत छापेमारी शुरू कर दी और कई ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किशुन हांसदा (55) और भीम हांसदा (30) को गिरफ्तार किया है। दोनों पोलमा गांव के ही रहने वाले हैं। उनकी निशानदेही पर तीन देसी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस और दो खोखा भी बरामद किया गया है। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह हमला जमीनी विवाद के चलते किया गया था और इसमें शामिल आरोपी कोई बाहरी नहीं बल्कि पीड़ित के अपने ही रिश्तेदार हैं।
Also Read : धनबाद में प्रिंस खान गैंग पर शिकंजा, शैफी उर्फ मेजर फिर 3 दिन के रिमांड पर


