Dhanbad : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन WILEP के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए योगनगरी ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस (13010) के महिला कोच से 35 जीवित कछुए बरामद किए। ये कछुए इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के हैं। यह घटना बुधवार को उस समय सामने आई जब धनबाद मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर RPF की टास्क टीम प्लेटफॉर्म पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को इनफार्मेशन मिली कि ट्रेन के महिला कोच में कछुओं की तस्करी की जा रही है।
सीट के नीचे मिले तीन थैले
ट्रेन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर पहुंचते ही RPF टीम ने संबंधित कोच की जांच की। जांच में सीट के नीचे तीन कपड़े के लावारिस थैले पाए गए। आस-पास बैठी महिला यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी थैलों पर दावा नहीं किया। संदेह होने पर जब थैलों को खोला गया, तो उनमें जूट के बोरे में रखे 35 जीवित कछुए मिले।
कछुए वन विभाग को सौंपे गए
RPF टीम ने कछुओं को तुरंत जब्त कर पोस्ट लाया और वन विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद कछुओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वन क्षेत्र पदाधिकारी, धनबाद को सौंप दिया गया।
Also Read : ठंडी रातों में कंबल से मुंह ढककर सोना देता है आराम, लेकिन सेहत पर पड़ सकता है असर


