Bhagalpur : भागलपुर में अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ते में रोककर इस वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने के बाद घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान शेरमारी निवासी दिलीप झा के पुत्र ऋषभ झा (35) के रूप में हुई है। यह घटना पीरपैंती थाना क्षेत्र के मंजरोही गांव के पास की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
दोस्त के साथ निकले थे घूमने
जानकारी के अनुसार ऋषभ झा अपने दोस्त सौरभ उर्फ मयंक के साथ सोमवार शाम घूमने के लिए निकले थे। दोनों मिलकर प्लाटिंग और प्रॉपर्टी का काम करते थे। बताया जा रहा है कि दोनों त्रिमोहन चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उन्हें रुकने का इशारा किया। जब उन्होंने बाइक नहीं रोकी तो बदमाशों ने गोली चला दी।
पेट में गोली लगते ही गिर पड़े
गोली सीधे ऋषभ झा के पेट में लगी। गोली लगते ही वह बाइक से गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद साथ में मौजूद दोस्त सौरभ ने तुरंत अपने अन्य सहयोगियों को फोन कर बुलाया। इसके बाद घायल ऋषभ को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
मां बोलीं- मेरा एक ही बेटा था
घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। मृतक की मां पूनम देवी ने बताया कि देर रात तक उनका बेटा घर नहीं लौटा तो उन्होंने फोन किया। उन्होंने कहा, “फोन पर बेटे के दोस्त ने बताया कि सौरभ की मां की तबीयत खराब है, इसलिए मायागंज गए हैं। लेकिन मेरा मन नहीं माना। बाद में पता चला कि मेरे बेटे को गोली लगी है। मेरा तो एक ही बेटा था, अब किससे क्या दुश्मनी थी, मुझे कुछ भी नहीं पता।”
घटना से पहले प्रॉपर्टी को लेकर हुई थी बातचीत
मृतक के दोस्त सौरभ ने बताया कि सोमवार शाम करीब 4 बजे ऋषभ ने उसे फोन करके बुलाया था। दोनों पहले शशि की दुकान पर गए और वहां से 3000 रुपये कैश लिया। इसके बाद बाजार में एक प्रॉपर्टी को लेकर बातचीत भी हुई थी। इसके बाद दोनों घूमने के लिए त्रिमोहन चौकी की ओर जा रहे थे। रास्ते में ही बदमाशों ने हमला कर दिया। सौरभ के अनुसार पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद या जमीन से जुड़े विवाद से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।


