Ranchi : मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा करने पहुंचे भक्तों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज को लेकर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है। आदित्य साहू ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं पर इस तरह का बर्बर लाठीचार्ज बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह सीधे-सीधे हिंदुओं की आस्था पर चोट है। उन्होंने कहा कि मंदिर में पूजा करने आए लोगों के साथ पुलिस का ऐसा व्यवहार कतई स्वीकार्य नहीं है। सरकार को इस पूरे मामले की जवाबदेही तय करनी चाहिए।
छह साल से आस्था में बाधा डालने का आरोप
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों से राज्य में हिंदू त्योहारों और धार्मिक कार्यक्रमों में पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार बाधा पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले साल सरहुल की शोभायात्रा को भी पुलिस ने नहीं बख्शा था। इसके अलावा दशहरा, रामनवमी और महाशिवरात्रि जैसे त्योहारों में भी प्रशासन की ओर से कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए। उन्होंने कहा कि कभी मूर्ति का आकार छोटा करने, कभी झंडा छोटा करने और कभी शोभायात्रा का रास्ता बदलने जैसे फैसलों से पुलिस प्रशासन का मनोबल हिंदू सनातन परंपराओं के खिलाफ होता जा रहा है।
महिलाओं पर भी बरसी लाठियां
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रजरप्पा की घटना में महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कोयला, बालू और पत्थर की चोरी करने वाले खुलेआम सक्रिय रहते हैं, तब उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई क्यों नहीं होती। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए।
प्रोफेसर सुभाष चंद्र मिश्र के निधन पर भाजपा ने जताया शोक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पलामू के प्रसिद्ध शिक्षाविद सुभाष चंद्र मिश्र के निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मिश्र बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
संघ परिवार और भाजपा से भी रहा गहरा जुड़ाव
आदित्य साहू ने बताया कि प्रोफेसर मिश्र लंबे समय तक संघ परिवार के विभिन्न संगठनों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने समाज सेवा के साथ-साथ युवाओं को प्रेरित करने और उन्हें सही दिशा देने का काम किया। उन्होंने संयुक्त बिहार के समय पलामू जिले में भाजपा के जिला महामंत्री के रूप में भी पार्टी की सेवा की थी। साहू ने कहा कि उनके निधन से समाज और संगठन दोनों को बड़ी क्षति हुई है।

