Chaibasa : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी इलाके के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। उद्यान महाविद्यालय तक जाने वाली जर्जर सड़क का अब कायाकल्प होने जा रहा है। जानुमबेड़ा गांव से उद्यान महाविद्यालय तक जाने वाली इस सड़क को अब पीसीसी पथ में बदला जाएगा। इसके लिए 3 करोड़ 91 लाख 31 हजार 800 रुपये की मंजूरी मिल चुकी है।
9 महीने में तैयार होगी सड़क
यह सड़क निर्माण कार्य डीएमएफटी फंड से कराया जाएगा। योजना के मुताबिक, अगले 9 महीनों में सड़क बनकर तैयार हो जाएगी। नई सड़क बनने के बाद छात्रों, किसानों और स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी।
विधायक ने उठाया था मुद्दा
इस सड़क की खराब हालत को लेकर विधायक दशरथ गागराई ने 10 मार्च को विधानसभा के बजट सत्र में शून्यकाल के दौरान मुद्दा उठाया था। अब स्वीकृति मिलने के बाद उन्होंने सरकार के प्रति आभार जताया है और कहा है कि इससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
15 साल से जर्जर हालत में थी सड़क
जानुमबेड़ा से उद्यान कॉलेज तक जाने वाली सड़क पिछले करीब 15 वर्षों से बेहद खराब स्थिति में थी। सड़क की पिच पूरी तरह उखड़ चुकी थी और जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए थे। बारिश में पानी भर जाता था, जबकि सूखे मौसम में धूल उड़ती थी, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी होती थी। यही वजह थी कि इस सड़क पर अक्सर छोटे-बड़े हादसे होते रहते थे और आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचना भी मुश्किल हो जाता था।
राज्य का इकलौता उद्यान महाविद्यालय
खूंटपानी के बिंज में स्थित यह उद्यान महाविद्यालय काफी महत्वपूर्ण है। इसे 18 अक्टूबर 2012 को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय का अंगीभूत कॉलेज बनाया गया था। यह राज्य का एकमात्र उद्यान महाविद्यालय है, जहां छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ किसानों के लिए शोध, प्रशिक्षण और प्रदर्शन से जुड़े काम भी होते हैं।
छात्रों ने भी किया था प्रदर्शन
इस सड़क की खराब हालत को लेकर प्रभात खबर ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके अलावा कॉलेज के छात्रों ने भी कई बार प्रदर्शन कर सड़क निर्माण की मांग की थी। अब मंजूरी मिलने के बाद सभी को उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या से छुटकारा मिलेगा।
Also Read : मेला से लौटते वक्त हादसा, पुलिस ने श’व पोस्टमार्टम के लिए भेजा


