Ranchi : राजधानी रांची में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। यह हादसा विधानसभा थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित महुआ टोली चौक के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक स्कूटी सवार युवक अपने काम से जा रहा था, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान डहुटोली निवासी प्रकाश उरांव के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि रिंग रोड पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई। घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।
Also Read : रांची में बड़ी वारदात से पहले पुलिस का एक्शन, हथियार और गोली के साथ 4 गिरफ्तार


