Ranchi : रांची में बढ़ते नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए रांची पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि शहर के किसी भी इलाके में अवैध नशे के सामान जैसे ब्राउन शुगर, गांजा या अन्य प्रतिबंधित मादक पदार्थों की खरीद–बिक्री की जानकारी किसी को मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस का कहना है कि कई बार मोहल्लों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम नशे का कारोबार होता है, लेकिन लोग डर या झिझक के कारण इसकी सूचना नहीं देते। इसी कारण नशे के कारोबारियों के हौसले बढ़ जाते हैं। रांची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुँचाएं। पुलिस का कहना है कि जनता की सहभागिता से ही नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई संभव है।
संपर्क नंबर
- सिटी एसपी – 9431706137
- कोतवाली डीएसपी – 943177007
- सिटी डीएसपी – 9431706139
- सदर डीएसपी – 9431102090
- हटिया डीएसपी – 9431706143
रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : धनबाद में महिला ने दिखाई बहादुरी, दिनदहाड़े चोरी की साजिश हुई नाकाम


