Ranchi :रांची नगर निगम ने अपनी दुकानों का किराया नहीं चुकाने वाले दुकानदारों के खिलाफ अब सख्त रुख अपना लिया है। निगम ने साफ कर दिया है कि 31 मार्च तक बकाया किराया जमा करना होगा, नहीं तो सीधे कार्रवाई होगी। इसके साथ ही बड़े बकायादारों की सूची भी जारी कर दी गई है, जिससे बाजारों में हलचल बढ़ गई है।
नहीं भरा किराया तो रद्द होगा लाइसेंस
निगम प्रशासन ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि तय समय सीमा के बाद किसी तरह की ढिलाई नहीं दी जाएगी। अगर दुकानदार 31 मार्च तक भुगतान नहीं करते हैं, तो झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 के तहत उनकी दुकान का लाइसेंस रद्द किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो दुकान खाली कराने तक की कार्रवाई होगी।
करोड़ों का बकाया, बड़े नाम सामने आए
करोड़ों के इस बकाया में कई बड़े नाम सामने आए हैं। जारी सूची के मुताबिक शेड नंबर-05 के अंजय सरावगी पर करीब 26.37 लाख रुपये बकाया है, जबकि शेड नंबर-02 में राम सेवक साहू पर 23.34 लाख रुपये से अधिक की देनदारी दर्ज है। इसी तरह शेड नंबर-8 में शेखर शर्मा और किशन शर्मा पर लगभग 18.96 लाख रुपये बकाया है। शेड नंबर-10 में राधेश्याम अशोक कुमार पर करीब 14.66 लाख रुपये की राशि बाकी है, वहीं राम गोपाल पोद्दार पर 19.36 लाख रुपये से अधिक का किराया बकाया बताया गया है।

अलग-अलग बाजारों में भी लाखों की देनदारी
सिर्फ अपर बाजार ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य बाजारों में भी लाखों रुपये की देनदारी सामने आई है। मार्केट रोड वेस्ट क्षेत्र में भोला चौधरी पर 20 लाख रुपये से अधिक, बृज बिहारी लाल पर करीब 12.42 लाख रुपये और अजय कुमार साहू पर 8.10 लाख रुपये से ज्यादा का बकाया दर्ज है। वहीं मछली पट्टी और लोहा पट्टी क्षेत्रों में भी स्थिति कम गंभीर नहीं है। यहां शंभु राम पर लगभग 13.95 लाख रुपये, शंकर झा पर 11.23 लाख रुपये और जगर्नाथ साहू व बिंदु देवी पर 13 लाख रुपये से अधिक का किराया बकाया बताया गया है।
कुल बकाया 6.51 करोड़ से ज्यादा, चलेगा अभियान
नगर निगम के अनुसार, दुकानों का कुल बकाया करीब 6.51 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। इस राशि की वसूली के लिए अब विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारी लगातार बकायेदारों पर नजर रखे हुए हैं।
रविवार को भी खुला रहेगा जन सुविधा केंद्र
दुकानदारों को राहत देने के लिए निगम ने 29 मार्च (रविवार) को भी जन सुविधा केंद्र खोलने का फैसला लिया है। यहां दुकानदार होल्डिंग टैक्स, जलकर, ट्रेड लाइसेंस और दुकान का किराया आसानी से जमा कर सकते हैं।
दुकानदारों से अपील, समय रहते करें भुगतान
निगम प्रशासन ने दुकानदारों से साफ अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते बकाया जमा कर दें। इससे न सिर्फ कार्रवाई से बचा जा सकेगा, बल्कि शहर के विकास कार्यों में भी सहयोग मिलेगा।
बाजार में बढ़ी बेचैनी, फैसले पर सबकी नजर
निगम की इस सख्ती के बाद बाजारों में बेचैनी साफ दिख रही है। कई दुकानदार अब भुगतान की तैयारी में जुट गए हैं, वहीं कुछ अब भी इंतजार में हैं। ऐसे में 31 मार्च की डेडलाइन अब निर्णायक साबित होने वाली है।


