Ranchi : रांची नगर निगम ने वेस्ट यूजर चार्ज का भुगतान नहीं करने वाले बड़े बकाएदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। निगम क्षेत्र के सभी भवनों, होटल, हॉस्टल, बैंक्वेट हॉल समेत व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज का भुगतान अनिवार्य है, इसके बावजूद लंबे समय से बकाया रखने वालों पर अब कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नगर निगम के अनुसार, वर्तमान में सभी वार्डों में वेस्ट यूजर चार्ज की वसूली चयनित एजेंसी एमएस नेटविंड सॉफ्ट लैब्स प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से की जा रही है। प्रशासक के आदेश पर ऐसे बड़े बकाएदारों की पहचान कर सूची तैयार की गई है, जिन्होंने अप्रैल 2022 से दिसंबर 2025 तक शुल्क का भुगतान नहीं किया है।
इस क्रम में कुल 100 बड़े बकाएदारों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सात दिनों के भीतर पूरी बकाया राशि का भुगतान अनिवार्य रूप से करना होगा। निर्धारित समय सीमा के अंदर भुगतान नहीं होने की स्थिति में झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 की संबंधित धाराओं के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने शहर के सभी नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे समय पर वेस्ट यूजर चार्ज का भुगतान सुनिश्चित करें, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे। भुगतान के लिए निगम की ओर से कई विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। नागरिक नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट ranchimunicipal.com पर जाकर ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। इसके अलावा नगर निगम कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर स्थित काउंटर नंबर एक पर ऑफलाइन भुगतान की सुविधा भी है। वहीं डोर स्टेप भुगतान के लिए 0651-3131001 पर कॉल कर प्रतिनिधि को बुलाकर नकद, चेक, डीडी या यूपीआई के माध्यम से राशि जमा की जा सकती है। नगर निगम ने साफ किया है कि आगे बकाया रखने वालों पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : सीएम हेमंत सोरेन ने JSSC के सफल अभ्यर्थियों को सौंपा नियुक्ति पत्र… देखें वीडियो


