Ranchi : झारखंड में नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है और रांची का सियासी पारा अब चढ़ चुका है। मेयर पद के लिए इस बार कुल 11 उम्मीदवार अपने भाग्य की कसौटी पर खड़े हैं। चुनाव चिन्ह मिलने के साथ ही रांची की गलियों में पोस्टर और नारों की बहार लग गई है। प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ कैम्पेन की रफ्तार बढ़ा दी है और सोशल मीडिया पर भी सक्रियता दिखा रहे हैं। रांची मेयर चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा में चुनाव चिन्ह हैं।
भाजपा समर्थित रोशनी खलखो को मिला ‘बिस्किट’, और वह इसी छाप पर वोट मांगती नजर आएंगी।
कांग्रेस समर्थित रमा खलखो के लिए ‘बेंच’ जीत का आधार बनेगा।
झामुमो समर्थित सुजीत विजय आनंद कुजूर को मिला ‘ईंट’, जो उनके प्रचार का सबसे बड़ा हथियार होगा।
बाकी उम्मीदवारों को भी अलग-अलग चिन्ह मिल गए हैं:
देवी दयाल मुंडा → छड़ी
सोनू खलखो → कार्पेट
सुजाता कच्छप → बक्सा
विनोद कुमार बड़ाई → बैटरी टॉर्च
प्रवीण कच्छप → चूड़ियां
सुमन कांत तिग्गा → बाल्टी
किरण कुमारी → एयर कंडीशनर
सुरेंद्र लिंडा → कैमरा
सोशल मीडिया और घर-घर प्रचार पर जोर
चुनाव चिन्ह मिलने के तुरंत बाद ही उम्मीदवारों ने डिजिटल मोर्चा भी संभाल लिया है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर आकर्षक ग्राफिक्स के जरिए मतदाताओं तक अपना संदेश पहुंचाया जा रहा है। घर-घर जाकर मतदाताओं को अपने चुनाव चिन्ह की जानकारी देने का काम भी जोरों पर है ताकि मतदान के दिन कोई भ्रम न रहे।
प्रशासन की पैनी नजर और आदर्श आचार संहिता
जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी उम्मीदवारों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है। इस बार मेयर पद की रेस बेहद दिलचस्प और कांटे की होने वाली है। प्रशासन ने संवेदनशील मतदान केंद्रों और चुनावी खर्च पर भी कड़ी निगरानी रखी है।
वोटिंग और रिजल्ट
रांची में मेयर पद के लिए वोटिंग 23 फरवरी को होगी, जबकि नतीजे 27 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
Also Read : ‘रामायण’ से आउट हुए विक्रांत मैसी, मेघनाद के रोल में इस अभिनेता की हुई एंट्री…देखें


