Ranchi : नगर निकाय चुनाव को देखते हुए रांची में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त उत्पाद रांची के निर्देश पर 20 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर कई जगहों पर छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध चुलाई शराब के अड्डे और नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्टरी का खुलासा हुआ।
लाली गांव में अवैध चुलाई शराब का बड़ा अड्डा ध्वस्त
नामकुम थाना क्षेत्र के लाली गांव में छापेमारी के दौरान अवैध चुलाई शराब बनाने का बड़ा ठिकाना पकड़ा गया। मौके पर भारी मात्रा में जावा महुआ रखा मिला, जिसे तुरंत नष्ट कर दिया गया। करीब 4000 किलो जावा महुआ मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके अलावा अवैध चुलाई शराब भी बरामद हुई। टीम ने पूरे अड्डे को ध्वस्त कर दिया ताकि दोबारा वहां इस तरह का काम न हो सके।
मांडर में नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्टरी का खुलासा
इसी कार्रवाई के क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर मांडर थाना क्षेत्र में भी छापेमारी की गई। मांडर थाना के सहयोग से एक मिनी फैक्टरी का उद्भेदन किया गया, जहां नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही थी। यहां से कई नामी ब्रांड के लेबल और सामान बरामद किए गए। जिन ब्रांडों के लेबल मिले, उनमें McDowell’s No.1, Royal Stag, Imperial Blue, Blenders Pride और B7 शामिल हैं। मौके से भारी मात्रा में खाली बोतलें, स्पिरिट, कॉर्क, लेबल और तैयार नकली विदेशी शराब भी बरामद की गई। इससे साफ है कि यहां बड़े पैमाने पर नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाई जा रही थी।
सात लोग गिरफ्तार, तीन को RPF ने पकड़ा
सदर अंचल क्षेत्र से कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से तीन लोगों को Railway Protection Force हटिया ने पकड़कर उत्पाद विभाग को सौंपा था। गिरफ्तार लोगों के नाम मुकेश कुमार सिंह, नौवजीत कुमार और महेश सोनी बताए गए हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बाकी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है।
क्या-क्या हुआ जब्त
छापेमारी के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया।
- विदेशी शराब – 97.25 लीटर
- स्पिरिट – 180 लीटर
- जावा महुआ – 4000 किलो
- अवैध चुलाई शराब – 250 लीटर
चुनाव से पहले सख्ती, अवैध कारोबार पर शिकंजा
निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। माना जा रहा है कि चुनाव के दौरान अवैध शराब की खपत बढ़ जाती है, इसलिए पहले से ही ऐसे नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग ने साफ किया है कि आगे भी इसी तरह अभियान चलाकर अवैध शराब कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 एकड़ अफीम की फसल उखाड़ फेंकी


