Ranchi : झारखंड निकाय चुनाव के दिन राजधानी रांची में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए शहर के अलग-अलग मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की गई। कहीं कोई चूक न हो, इसके लिए अफसर खुद मैदान में उतरे और हालात का जायजा लिया।
संवेदनशील बूथों पर अफसरों की खास नजर
मतदान के दौरान रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने शहर के कई संवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने बूथों पर तैनात पुलिस बल की संख्या, बैरिकेडिंग, आने-जाने के रास्तों और आसपास की गतिविधियों को बारीकी से देखा। अफसरों ने जवानों को साफ निर्देश दिया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम तक पहुंचे।
आपात स्थिति से निपटने की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान अफसरों ने यह भी देखा कि अगर कोई आपात स्थिति बनती है तो उससे निपटने की क्या तैयारी है। वायरलेस सेट, क्विक रिस्पॉन्स टीम और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर खास जोर दिया गया। ट्रैफिक एसपी ने साफ कहा कि मतदान केंद्रों के आसपास जाम या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

अनुमंडल पदाधिकारी भी पहुंचे बूथों पर
सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी निगरानी तेज रही। सदर एसडीएम कुमार रजत ने भी कई मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मतदाताओं की सुविधा को रखा गया सबसे आगे
सदर एसडीएम कुमार रजत ने यह सुनिश्चित किया कि मतदाता बिना डर और परेशानी के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्यवस्था ठीक है या नहीं, इसकी भी जांच की गई। साफ-सफाई, कतार व्यवस्था और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया।
शांतिपूर्ण मतदान का भरोसा
पुलिस और प्रशासन की सख्ती और लगातार निरीक्षण का असर यह रहा कि ज्यादातर मतदान केंद्रों पर माहौल शांत और व्यवस्थित दिखा। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि झारखंड में निकाय चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाएंगे और किसी भी अफवाह या शरारती तत्व से सख्ती से निपटा जाएगा।

Also Raed : निकाय चुनाव 2026 : 9 बजे तक मेदिनीनगर में 9.66% और छतरपुर में 9.77% हुई VOTING

