Ranchi : नगर निकाय चुनाव के बीच राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में सुरक्षा को लेकर खास सतर्कता बरती जा रही है। रांची के एसएसपी राकेश रंजन और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय समेत कई पुलिस अधिकारी खुद मैदान में उतरे और इलाके के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और दंडाधिकारियों को कई जरूरी निर्देश दिए। साफ तौर पर कहा गया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अफवाह को तुरंत रोका जाए और संवेदनशील बूथों पर खास नजर रखी जाए। एसएसपी ने पुलिस बल को अलर्ट रहने और हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने को कहा। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो और वे बेझिझक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

शांतिपूर्ण मतदान पर प्रशासन का फोकस
हिंदपीढ़ी इलाके को संवेदनशील माना जाता है, ऐसे में प्रशासन कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहता। पुलिस की गश्ती टीम लगातार इलाके में घूम रही है और बूथों के बाहर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मतदाताओं में दिखा उत्साह
कड़ी सुरक्षा के बीच मतदाता भी उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। लंबी कतारों में खड़े होकर लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

Also Read : गोड्डा में बड़ा हादसा : सड़क से 40 फीट नीचे एमजीआर ट्रैक पर गिरा हाइवा, रेल यातायात बाधित


