जोहार लाइव ब्यूरो
फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के सत्र 2026-27 के चुनाव की तस्वीर अब साफ हो गई है. इस बार मुकाबला पिछली बार से ज्यादा दिलचस्प होने जा रहा है. 13 सितंबर को रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में होने वाले चुनाव में 65 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें नौ महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं. चुनाव में कुल 4,214 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.
इस बार चुनावी मैदान में तीन टीमें आमने-सामने हैं. टीम मुकेश अग्रवाल, टीम तुलसी पटेल और टीम पी-21 के बीच 21 कार्यकारिणी सदस्यों के पदों के लिए मुकाबला होगा. पी-21 टीम का नेतृत्व पूनम आनंद कर रही हैं.
इस बार चुनाव में उम्मीदवारों की संख्या भी बढ़ी है. पिछली बार 44 उम्मीदवार मैदान में थे, जबकि इस बार 65 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. खास बात यह है कि महिला उम्मीदवारों की संख्या भी बढ़ी है.
पिछली बार छह महिलाएं चुनाव मैदान में थीं, जिनमें चार ने जीत दर्ज की थी. ज्योति कुमारी, विनीता सिंघानिया, आस्था किरण और पूजा ढाढा पिछली बार विजयी रही थीं. वहीं मोनिका गोयनका और निधि झुनझुनवाला को हार का सामना करना पड़ा था. इस बार ये दोनों भी फिर से चुनाव मैदान में हैं.
इस बार नौ महिलाएं अलग-अलग टीमों से चुनाव लड़ रही हैं. पी-21 से पूनम आनंद और प्रमिला कुमारी मैदान में हैं. टीम तुलसी पटेल से मोनिका गोयनका, पूजा ढाढा, विनीता सिंघानिया और ज्योति कुमारी चुनाव लड़ रही हैं. वहीं टीम मुकेश अग्रवाल से निधि झुनझुनवाला, माला कुजूर और आस्था किरण मैदान में हैं.
तीन प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष निर्विरोध
FJCCI से कुल 81 संबद्ध संस्थाएं जुड़ी हुई हैं. चुनाव में छह प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्षों का भी चयन होना है. इनमें तीन प्रमंडलों में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है. कोल्हान, कोयलांचल और उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में एक-एक उम्मीदवार होने के कारण इन पदों पर निर्विरोध चुनाव हुआ है. वहीं पलामू, संथाल परगना और दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा. इन पदों के लिए मतदान 13 सितंबर को कराया जाएगा और परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे.
4,214 मतदाता करेंगे मतदान
चुनाव समिति के मुताबिक मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. प्रमंडलवार मतदाताओं में कोल्हान से 115, कोयलांचल से 149, उत्तरी छोटानागपुर से 97, पलामू से 100, संथाल परगना से 68 और दक्षिणी छोटानागपुर से 59 मतदाता शामिल हैं. मतदान में वही सदस्य हिस्सा ले सकेंगे, जिनका वित्तीय वर्ष 2026-27 का सदस्यता शुल्क बकाया नहीं है. मतदान स्थल पर भी शुल्क जमा करने की सुविधा और हेल्प डेस्क उपलब्ध रहेगा.
12 सितंबर को वार्षिक आमसभा
FJCCI की 62वीं वार्षिक आमसभा 12 सितंबर को चैंबर भवन में आयोजित होगी. इसके अगले दिन 13 सितंबर को मारवाड़ी भवन में नए सत्र की कार्यकारिणी समिति और क्षेत्रीय उपाध्यक्षों का चुनाव कराया जाएगा. प्रेस वार्ता में चुनाव समिति के सदस्य ललित केडिया ने भी चुनावी प्रक्रिया और तैयारियों की जानकारी साझा की. इस दौरान फेडरेशन अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.
कंप्यूटर से होगी वोटिंग, SMS से मिलेगा काउंटर नंबर
इस बार मतदान प्रक्रिया को तकनीक से जोड़ा गया है. मतदाताओं का क्रमांक और काउंटर नंबर मतदान से पहले मोबाइल पर SMS के जरिए भेजा जाएगा. मतदान केंद्र पर 40 कंप्यूटर लगाए जाएंगे. सॉफ्टवेयर में ऐसी व्यवस्था की गई है कि मतदाता 21 से कम या 21 से ज्यादा उम्मीदवारों का चयन नहीं कर सकेगा. कंप्यूटर स्क्रीन पर उम्मीदवारों के नाम के साथ उनकी तस्वीर भी दिखाई देगी. FJCCI की 62वीं वार्षिक आमसभा 12 सितंबर को चैंबर भवन में होगी. इसके अगले दिन 13 सितंबर को मारवाड़ी भवन में चुनाव कराया जाएगा. अब चुनावी मैदान में तीन टीमें हैं और 65 उम्मीदवारों की किस्मत 4,214 मतदाता तय करेंगे.
Also Read : झारखंड के 26,777 गांवों तक पहुंचेगा हाई-स्पीड इंटरनेट, भारतनेट फेज-III को मिली रफ्तार


