Ramgarh : रामगढ़ पुलिस ने मनोज कुमार साव के घर से हुई लाखों रुपए और जेवरात की चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की रकम और जेवरात बरामद किए हैं। यह चोरी 12 लाख रुपए नगद और सोने-चांदी के जेवरात की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था।
पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और जांच के बाद बोकारो के दुन्दीबाग बाजार स्थित झोपड़पट्टी से मुख्य आरोपी शनि करमाली उर्फ शनि लोहरा (24) को गिरफ्तार किया। शनि करमाली रामगढ़ के जेल मोड़, बिरसा चौक का निवासी और छोटेलाल लोहारा का पुत्र है।
अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया। शनि ने चोरी के कुछ सामान बोकारो में छिपा दिए थे, जबकि कुछ अपने घर में रखे हुए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 4,12,350 रुपए नगद, 4 सोने की कानबाली, 1 जोड़ी सोने का झुमका, 1 सोने का मांगटीका, 1 सोने का नथिया, 2 चांदी के लॉकेट, 1 चांदी की चेन, 2 जोड़ी चांदी की बिछिया और एक POCO मोबाइल बरामद किया। पुलिस अब पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।
Also Read : झारखंड में 36 डिवीजन में बाघों की गिनती, पूरा सर्वे कब तक चलेगा?


