Ranchi : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बारिश की हल्की फुहारों ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की भी सलाह दी है। आने वाले दिनों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आंधी, बारिश और वज्रपात देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा को छोड़कर झारखंड के बाकी जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इन इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज हवा और बारिश होने की संभावना है।
आंधी के साथ तेज हवा और वज्रपात का खतरा
अगले कुछ दिनों तक 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसके साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। यह मौसम 7 मई तक बना रह सकता है, इसलिए लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है। राजधानी रांची में भी मौसम सुहावना बना रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
फसलों और मवेशियों पर पड़ सकता है असर
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी-तूफान की वजह से पेड़-पौधों, बागवानी और खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है। वहीं खुले में रहने वाले लोग और मवेशी वज्रपात की चपेट में आ सकते हैं।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
- खराब मौसम के दौरान घर के अंदर ही रहें
- खिड़की-दरवाजे बंद रखें और बेवजह बाहर निकलने से बचें
- पेड़ों के नीचे खड़े न हों, सुरक्षित जगह पर ही रुकें
- बिजली के उपकरणों को अनप्लग कर दें
- पानी या खुले जलस्रोत से तुरंत बाहर आ जाएं
- धातु या बिजली कंडक्ट करने वाली चीजों से दूर रहें
Also Read : रांची स्टेशन पर RPF ने 3 नाबालिग लड़कियों को बचाया, चाइल्डलाइन को सौंपा


