Ranchi : राजधानी रांची में सोमवार को अचानक मौसम ने करवट ली। दोपहर बाद आसमान में बादल घिर आए और कुछ ही देर में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। मौसम के इस अचानक बदलाव ने शहर के कई इलाकों में अफरातफरी की स्थिति पैदा कर दी। इसी दौरान कडरू मेन रोड स्थित सोरोस बार के ओपन रूफ टॉप में लगा बड़ा शेड तेज हवा के कारण टूटकर नीचे गिर गया।
तेज हवा में उखड़ा रूफ शेड
बताया जा रहा है कि बारिश के साथ चली तेज हवा इतनी तेज थी कि सोरोस बार के रूफ टॉप पर लगा लोहे का बड़ा शेड अपनी जगह से उखड़ गया। शेड सीधे नीचे स्काईलाइन बिल्डिंग के सामने सड़क किनारे जा गिरा। उस वक्त नीचे कई गाड़ियां खड़ी थीं, जिन पर शेड गिरने से नुकसान हुआ।
बाल बाल बचे लोग
घटना के समय आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि शेड गिरने से पहले ही लोग थोड़ा दूर हट गए। अगर उस समय कोई ठीक नीचे खड़ा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज आवाज के साथ शेड गिरा, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में दहशत फैल गई।
कई गाड़ियों को पहुंचा नुकसान
शेड गिरने से नीचे खड़ी कई कार और दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ गाड़ियों के शीशे टूट गए तो कुछ के बॉडी में डेंट आ गया। घटना के बाद लोग मौके पर जुट गए और नुकसान का जायजा लेने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इस तरह के ओपन रूफ स्ट्रक्चर को मजबूत तरीके से नहीं लगाया जाए तो तेज हवा में इस तरह की घटनाएं कभी भी हो सकती हैं। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन कई गाड़ियों को नुकसान जरूर पहुंचा है।
Also Read : लुगू बुरु के जंगलों में भीषण आग, 40 हाथियों का झुंड खतरे में, गांवों पर भी मंडरा रहा संकट


