Bokaro : जिले के गोमिया प्रखंड के जंगलों में महुआ चुनने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों की लापरवाही से लगी आग तेजी से फैल गई। आग लुगू बुरु के घने जंगलों तक पहुंच चुकी है, जहां लगभग 40 हाथियों का झुंड रहता है। वन विभाग ने आग फैलने और हाथियों के विचलित होने की आशंका को गंभीरता से लिया है।
जंगल की आग और हाथियों का खतरा
वन विभाग के डीएफओ संदीप शिंदे ने बताया कि लुगू बुरु क्षेत्र हाथियों का प्राकृतिक अधिवास है। अगर जंगल में लगी आग और धुएं की वजह से हाथियों का दल विचलित होता है, तो वे अपने जीवन की रक्षा के लिए आसपास के गांवों और रिहायशी इलाकों की तरफ उतर सकते हैं। उन्होंने चेताया कि ऐसे हालात में हाथियों के झुंड से इलाके में जान-माल का भारी नुकसान होने की संभावना है। वन प्रमंडल और प्रशासन इस मामले को लेकर सख्त हैं।
वन विभाग की सख्त चेतावनी
वन विभाग ने साफ कहा है कि जो भी व्यक्ति जंगल में आग लगाने या आग फैलाने में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ वन अधिनियम के तहत तुरंत और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग ने जोर देकर कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा और वन्यजीवों को खतरे में डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सीधे जेल भेजा जाएगा।
ग्रामीणों से सहयोग की अपील
डीएफओ संदीप शिंदे ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगलों में आग लगाने जैसी गतिविधियों से दूर रहें। साथ ही अपने आस-पास के गांवों की सुरक्षा का ध्यान रखें और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
Also Read : सेक्टर-12 में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला की हादसे में मौ’त, लोगों ने किया हाईवे जाम


