Ranchi : झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 11 जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अच्छी खबर यह है कि बारिश की वजह से पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में आज दिनभर बादलों का डेरा रह सकता है। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में वज्रपात और तेज हवा भी चल सकती है।
रांची में बदला मौसम, रातभर होती रही बारिश
राजधानी रांची में रविवार को दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। दोपहर तक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था। लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई। देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही।
बारिश इतनी तेज थी कि शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। सेवा सदन पथ, जयपाल सिंह स्टेडियम के आसपास, मेन रोड और स्टेशन रोड जैसे व्यस्त इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। कई जगहों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए कुछ इलाकों में एहतियातन बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए बंद कर दी गई।
कांके और तिलैया में जमकर बरसे बादल
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश कोडरमा के तिलैया में 46.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके बाद चंदवा में 45.2 मिलीमीटर और रांची के कांके में 42.5 मिलीमीटर बारिश हुई। पूर्वी सिंहभूम में भी करीब 24 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
लगातार बारिश के कारण कई जिलों के तापमान में गिरावट आई है और मौसम पहले की तुलना में काफी सुहावना हो गया है।
इन जिलों में उमस अभी भी करेगी परेशान
जहां दक्षिणी और मध्य झारखंड में बारिश के आसार हैं, वहीं राज्य के कुछ जिलों में आज भी उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है। पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि इन जिलों में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। खासकर पलामू प्रमंडल में लोगों को गर्मी और उमस का ज्यादा असर झेलना पड़ सकता है।
अगले पांच दिन तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। पश्चिम राजस्थान से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक फैला मौसमी ट्रफ झारखंड से होकर गुजर रहा है, जिससे राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे तापमान में और गिरावट आएगी तथा लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
Also Read : झारखंड के नये महाधिवक्ता होंगे रोहितश्य रॉय, अच्युत केशव को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी

