Jamshedpur : टाटानगर रेलवे परिक्षेत्र के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित ग्वाला बस्ती में सोमवार को रेलवे की अतिक्रमण हटाओ मुहिम का स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध किया। जैसे ही रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम अवैध निर्माण हटाने पहुंची, वहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कार्रवाई के दौरान बस्तीवासियों और रेलवे अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इस दौरान रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर के साथ धक्का-मुक्की की भी जानकारी सामने आई है।
नोटिस के बावजूद विरोध जारी
रेलवे प्रशासन का कहना है कि संबंधित मकान (मेघा यादव का आवास) रेलवे जमीन पर अवैध रूप से बना हुआ है। करीब 15 दिन पहले मकान खाली करने का नोटिस भी दिया गया था। रेलवे ने यह भी दावा किया है कि कार्रवाई के लिए न्यायालय का स्पष्ट आदेश मौजूद है। सोमवार सुबह जैसे ही बुलडोजर और रेलवे टीम मौके पर पहुंची, महिलाओं और पुरुषों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। बहस के दौरान माहौल और ज्यादा बिगड़ गया और भीड़ ने उग्र रूप ले लिया। इस दौरान अफरातफरी की स्थिति बन गई।
पुलिस और RPF की मौजूदगी भी नाकाफी
मौके पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और बागबेड़ा थाना पुलिस के करीब डेढ़ दर्जन जवान तैनात थे, लेकिन भीड़ के आक्रोश के सामने स्थिति को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई दशकों से वहां रह रहे हैं और यह कार्रवाई उनके साथ अन्याय है। बिगड़ते हालात को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने फिलहाल अभियान को रोक दिया और टीम वापस लौट गई। करीब दो घंटे तक चले इस हंगामे के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। रेलवे अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
Also Read : गढ़वा में झामुमो का विरोध प्रदर्शन, विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी का पुतला दहन


