Patna : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को बिहार दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 1 बजे मुजफ्फरपुर के सकरा पहुंचेंगे, जहां कांग्रेस प्रत्याशी उमेश कुमार राम के समर्थन में जनसभा करेंगे। इस दौरान उनके साथ राजद नेता तेजस्वी यादव और VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी भी मौजूद रहेंगे।
इसके बाद तीनों नेता दोपहर 2:50 बजे दरभंगा पहुंचेंगे। वहां दरभंगा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लोआम गांव में जनसभा को संबोधित करेंगे। दरभंगा ग्रामीण से राजद प्रत्याशी ललित यादव और केवटी विधानसभा से राजद प्रत्याशी डॉ. फराज फातमी मैदान में हैं। बिहार कांग्रेस के मीडिया प्रमुख राजेश राठौड़ ने बताया कि चुनाव घोषणा के बाद राहुल गांधी का यह पहला बिहार दौरा है।
मुजफ्फरपुर जिले की 11 विधानसभा सीटों में से 7 सीटों पर राजद, 2 पर कांग्रेस और 2 पर VIP चुनाव लड़ रही हैं। वहीं दरभंगा की 10 सीटों में से 4 पर राजद, 2 पर कांग्रेस, 2 पर VIP और एक गौराबोड़ाम सीट पर राजद और VIP के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों जिलों में पहले चरण के तहत 6 नवंबर को मतदान होगा।

महागठबंधन ने जारी किया घोषणा पत्र – “बिहार का तेजस्वी प्रण”
पटना के होटल मौर्या में महागठबंधन की ओर से घोषणा पत्र जारी किया गया। इसे राजद नेता तेजस्वी यादव ने जारी किया। घोषणा पत्र का नाम “बिहार का तेजस्वी प्रण” रखा गया है।
मुख्य वादे :
- हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी – 20 महीने में लागू करने का वादा।
- 20 दिन में नया अधिनियम बनाने की घोषणा।
- 5 एक्सप्रेस-वे के निर्माण का वादा।
- 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा।
इसके अलावा युवाओं, महिलाओं, संविदाकर्मियों, पुराने पेंशनधारियों, किसानों और गरीब परिवारों के लिए भी कई वादे किए गए हैं।
घोषणा पत्र जारी करते समय तेजस्वी यादव के साथ कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा मौजूद थे। हालांकि, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम मंच पर नजर नहीं आए। तेजस्वी यादव ने कहा, “हम केवल सरकार बनाने नहीं, बल्कि बिहार को बनाने आए हैं। आज महागठबंधन ने मिलकर बिहार के लोगों के सामने अपना संकल्प रखा है।”
Also Read : झारखंड में मोंथा तूफान का कहर : भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

