अमृतसर में 500 किलो हेरोइन की तस्करी और आतंकी फंडिंग से जुड़े मामले में NIA ने बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने आरोपी अनवर मसीह की दो संपत्तियों को कुर्क कर लिया है. दोनों संपत्तियां सुल्तानविंड इलाके के आकाश विहार फेज-I में हैं.
पाकिस्तान से समुद्री रास्ते से आई थी 500 किलो हेरोइन
यह मामला RC-26/2020/NIA/DLI के तहत दर्ज है और इसे सलाया ड्रग सीजर केस के नाम से भी जाना जाता है. NIA की जांच के मुताबिक, पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए भारत में 500 किलो हेरोइन लाई गई थी. जांच में अनवर मसीह के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है. इस नेटवर्क के तार इटली, ऑस्ट्रेलिया, UAE, थाईलैंड, ईरान और पाकिस्तान तक जुड़े होने का दावा किया गया है.
ड्रग्स के पैसों से आतंकी फंडिंग का आरोप
NIA का आरोप है कि ड्रग्स की तस्करी से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों की फंडिंग में किया जाता था. एजेंसी ने इस नेटवर्क को लश्कर-ए-तैयबा यानी LeT से जुड़ी आतंकी गतिविधियों से भी जोड़ा है.
कुर्क की गई दोनों संपत्तियां प्लॉट नंबर 128 और 129 हैं और दोनों अनवर मसीह के नाम पर दर्ज हैं. 13 अगस्त को राजस्व अधिकारियों और गवाहों की मौजूदगी में UAPA की धारा 25(1) के तहत कार्रवाई की गई. इस दौरान कुर्की का आदेश पढ़कर सुनाया गया और संपत्तियों पर चस्पा भी किया गया.
NIA के मुताबिक, जांच में इन दोनों संपत्तियों का संबंध आतंकवाद से जुड़े अपराध की कमाई से पाए जाने के बाद इन्हें कुर्क किया गया है. इस मामले में अब तक 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच अभी जारी है.
Also Read:झारखंड: ड्रग्स तस्करों की अवैध संपत्ति जब्त करने की तैयारी, सभी एसपी को मिला टास्क


