Ranchi : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का रांची दौरा 26 फरवरी को प्रस्तावित है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि उस दिन बिरसा मुंडा एयरपोर्ट और उसके आसपास के इलाके में किसी भी तरह की उड़ने वाली गतिविधि की इजाजत नहीं होगी।
ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून पर पूरी रोक
रांची के सदर एसडीएम की ओर से आदेश जारी किया गया है कि एयरपोर्ट की परिधि को 26 फरवरी के लिए “नो फ्लाइंग जोन” घोषित किया जाता है। इसका मतलब है कि उस इलाके में और उसके ऊपर ड्रोन उड़ाना, पैराग्लाइडिंग करना या हॉट एयर बैलून उड़ाना पूरी तरह से मना रहेगा। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला सिर्फ और सिर्फ सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।
सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा आदेश
यह निषेधाज्ञा 26 फरवरी 2026 की सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान अगर कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन या अन्य उड़ने वाले उपकरण का इस्तेमाल करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बीएनएसएस की धारा 163 के तहत जारी हुआ आदेश
प्रशासन ने यह आदेश बीएनएसएस की धारा 163 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो, इसलिए पहले से ही एहतियात बरती जा रही है।
आम लोगों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। एयरपोर्ट और आसपास के इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और निगरानी लगातार की जा रही है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्वक और सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके।
Also Read : ‘अबुआ दिशोम’ बजट पर सीएम हेमंत सोरेन बोले- झारखंड की जन-आकांक्षाएं होंगी पूरी


