Deoghar : देवघर एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में 31 जुलाई को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और एम्स प्रबंधन ने तैयारियों में तेजी ला दी है।
यह दीक्षांत समारोह एम्स के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। समारोह में 48 छात्रों को डिग्री दी जाएगी, जिनमें से चार मेधावी छात्रों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल समेत विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा।
देवघर के DC रवि कुमार ने बताया कि फिलहाल राष्ट्रपति के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा करने को लेकर कोई सूचना नहीं है, लेकिन यदि वे इच्छा जताती हैं तो सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए गए हैं। परिवहन और पुलिस विभाग को समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति का यह दौरा पहले 10-11 जून को प्रस्तावित था, लेकिन स्थगित कर दिया गया था। अब एक बार फिर उनके आगमन की पुष्टि होने के बाद यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बनाने की तैयारी जोरों पर है।
Also Read : टाटानगर सहित कई रूटों पर मेमू पैसेंजर ट्रेनें रद्द