Ramgarh : रामगढ़ जिले में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। राहुल दुबे गैंग के बाद अब पुलिस ने पांडेय गिरोह पर भी सख्ती बढ़ा दी है। व्यवसायियों को धमकाकर लेवी वसूली करने वाले पांडेय गिरोह के दो शूटरों को रामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस संबंध में बुधवार को रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ शहर के कैंटोनमेंट स्टाफ क्वार्टर निवासी बादल कुमार (पिता गुड्डू राम) और पतरातू थाना क्षेत्र के पीटीपीएस हेसला निवासी सोनू नंदी (पिता स्वर्गीय मनोरंजन नंदी) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो देशी पिस्तौल, 9 एमएम की तीन जिंदा गोलियां, एक पल्सर बाइक और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसपी ने बताया कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के अरगड्डा रोड में पुलिस एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान रात करीब 2:30 बजे बड़का चुम्मा जाने वाले मोड़ पर एक पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक नजर आए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और गोलियां बरामद हुईं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पांडे गिरोह के लिए काम करते हैं और ठेकेदारों, व्यापारियों तथा डीओ होल्डरों से लेवी वसूली करते हैं। पहले धमकी देकर रंगदारी मांगते हैं और पैसे नहीं मिलने पर हथियार के बल पर वसूली करते हैं। जरूरत पड़ने पर फायरिंग करने से भी पीछे नहीं हटते। घटना के दिन भी वे इसी मंशा से निकले थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से उनकी योजना विफल हो गई।
इस एंटी क्राइम चेकिंग अभियान में डीएसपी मुख्यालय चंदन कुमार वत्स, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे, सब इंस्पेक्टर रोशन बाड़ा, सुमंत कुमार राय, दीपक रजक, मनीष कुमार सिंह, बीरबल हेंब्रम और मंजेश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
Also Read : देवघर पुलिस का सख्त प्लान, खतरनाक अपराधियों का हर हफ्ते होगा फिजिकल वेरिफिकेशन


