पुलिस ने गांजे की 149.5 KG नशे का सामान किया जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

सिमडेगा: पुलिस ने नशे के अंतरराष्ट्रीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ओड़िशा से नेपाल जा रहा 149.5 KG गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान दीपक सिंह और राकेश पासवान के रूप में की गई है। दोनों बिहार के भोजपुर जिले के कोइलवर थाना क्षेत्र के कुलहरिया के रहने वाले हैं। नशे का यह सामान जीप में छिपाकर झारखंड-बिहार के रास्ते सीमा पार ले जाने की तैयारी थी। सिमडेगा पुलिस की ओर से बताया गया कि ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के NH143 पर बोलबा मोड़ के पास चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान तस्करी की जानकारी मिली।

संदिग्ध वाहन को देखते ही पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर वाहन चालक व सवार भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस के जवानों ने इन्हें घेर कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने तस्करी के इस पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस दावा कर रही है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में पकड़े गए सामान की कीमत करीब 75 लाख रुपये है। पुलिस पकड़े गए दोनों अपराधियों की कुंडली खंगाल रही है। सिमडेगा पुलिस एक वर्ष में करीब 1980 KG गांजा व 14 वाहन को जब्त कर चुकी है।