Palamu : पलामू जिले में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 840 लीटर अवैध स्प्रिट जब्त की है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप गाड़ी को भी जब्त किया गया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
गुप्त सूचना पर बनी स्पेशल टीम
जानकारी के अनुसार पलामू पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छत्तरपुर थाना क्षेत्र से पिकअप वाहन के जरिए अवैध स्प्रिट की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। बताया गया था कि एक कार इस खेप को स्कॉट कर रही है, ताकि रास्ते में किसी तरह की पुलिस जांच होने पर पहले से सूचना दी जा सके। सूचना मिलते ही छत्तरपुर थाना पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और छत्तरपुर-जपला रोड पर सघन जांच अभियान शुरू किया।
पुलिस को देखते ही कार चालक फरार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप और कार को रोकने की कोशिश की। इस दौरान कार चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पिकअप और कार में सवार अन्य लोगों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पिकअप वाहन से 840 लीटर अवैध स्प्रिट बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत स्प्रिट को जब्त कर लिया और मौके से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार के अलग-अलग इलाकों के हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन कुमार, शंकर दयाल, प्रिंस कुमार (जम्होर, औरंगाबाद), पीयूष सिंह (बारुण, औरंगाबाद), अमन कुमार (ओबरा) और विकास कुमार (दाउदनगर) के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि स्प्रिट की यह खेप बिहार भेजी जा रही थी, जहां इसका इस्तेमाल अवैध शराब बनाने में किया जाना था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
पूरे मामले को लेकर छत्तरपुर एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को पहले से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। छत्तरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। फरार कार चालक की तलाश भी जारी है।
नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह एक संगठित गिरोह हो सकता है, जो लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय है। पलामू पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


