Dhanbad : कोयला तस्करों द्वारा मारपीट में घायल हुए विशेष शाखा के SI अनुज कुमार का हालचाल लेने के लिए झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रांतीय वरीय उपाध्यक्ष मो. महताब आलम रांची से धनबाद पहुंचे। उन्होंने अधिकारी के घर जाकर उनकी स्थिति की जानकारी ली और परिवार को भरोसा दिलाया कि पूरी एसोसिएशन उनके साथ खड़ा है।
घर पहुंचकर दिया हौसला
इस दौरान धनबाद शाखा के संयुक्त सचिव रजनीकांत, मेंस यूनियन के साजिद खान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने घायल अधिकारी और उनके परिवार से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया। पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटना पुलिसकर्मियों के लिए चिंता का विषय है और इसे गंभीरता से लिया जा रहा है।
केंदुआ-झरिया मार्ग पर हुई थी घटना
मालूम हो कि कुछ दिन पहले केंदुआडीह थाना क्षेत्र के केंदुआ-झरिया मुख्य मार्ग पर कोयला तस्करों ने SI अनुज कुमार और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की थी। इस हमले में अनुज कुमार की पीठ पर गंभीर चोट आई थी, जबकि उनकी पत्नी भी घायल हो गई थीं।
डीएसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
मौके पर ही पदाधिकारियों ने धनबाद के विधि-व्यवस्था डीएसपी से फोन पर बात की। डीएसपी ने आश्वासन दिया कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
एसोसिएशन ने जताई एकजुटता
मो. महताब आलम ने बताया कि इस घटना को लेकर प्रांतीय स्तर पर गंभीरता से नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
Also Read : कुल्हाड़ी से वार कर युवक की ह’त्या, आरोपी को पुलिस ने दबोचा


