Hazaribagh : पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव और पूर्व विधायक निर्मला देवी की गिरफ्तारी के बाद झारखंड की सियासत में नया मोड़ आ गया है। लेकिन इस पूरे मामले में सबसे तीखी आवाज उनकी बेटी और विधायक अम्बा प्रसाद की रही, जो माता-पिता की गिरफ्तारी के तुरंत बाद लाइव आकर खुलकर बोलीं। अम्बा प्रसाद ने साफ शब्दों में कहा कि यह कार्रवाई जनता की आवाज दबाने की कोशिश है और पुलिस-प्रशासन माइनिंग कंपनियों के इशारे पर काम कर रहा है।
“जनता की लड़ाई लड़ने की सजा दी जा रही है”
अम्बा प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि उनके पिता लंबे समय से NTPC के चट्टी बरियातू कोल माइंस में स्थानीय लोगों की मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे थे। उनका कहना था कि जब आंदोलन शांतिपूर्ण था तो अचानक गिरफ्तारी की क्या जरूरत पड़ गई? उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब कंपनियों के दबाव में हो रहा है। उनके मुताबिक, जब भी कोई स्थानीय हक की बात करता है, उसे केस और गिरफ्तारी का डर दिखाया जाता है।
भावुक भी हुईं, लेकिन तेवर रहे सख्त
लाइव के दौरान अम्बा प्रसाद कई बार भावुक भी दिखीं, लेकिन उनके तेवर नरम नहीं पड़े। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनके परिवार की बात नहीं है, बल्कि पूरे बड़कागांव क्षेत्र की आवाज है। उन्होंने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि वे इस लड़ाई को कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाएंगी।
Also Read : पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव पत्नी निर्मला देवी के साथ गिरफ्तार, NTPC के खिलाफ कर रहे थे प्रदर्शन


