
New Delhi : PM मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर 17 सितंबर 2025 को एक बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय नवरात्रि के दौरान रायसीना हिल्स के साउथ ब्लॉक से नए परिसर में स्थानांतरित हो सकते हैं। इस पर गंभीर चर्चा चल रही है और जल्द ही अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
साउथ और नॉर्थ ब्लॉक बनेंगे संग्रहालय
रिपोर्ट के मुताबिक, PMO के नए परिसर में शिफ्ट होने के बाद साउथ ब्लॉक और नॉर्थ ब्लॉक को संग्रहालय में बदल दिया जाएगा। यह बदलाव सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत बन रहे एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव का हिस्सा है। इस एन्क्लेव में PMO, कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय तीन अलग-अलग इमारतों में होंगे।
सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का हिस्सा
एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके तहत PMO, कैबिनेट सचिवालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और एक सम्मेलन केंद्र (इंडिया हाउस) का निर्माण हो रहा है। नया परिसर साउथ ब्लॉक के पास प्लॉट नंबर 36/38 पर बन रहा है। यह आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और प्रधानमंत्री आवास के करीब होगा। इस परियोजना की लागत लगभग 1,189 करोड़ रुपये है। इसे 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है, लेकिन कार्यालय समय से पहले शिफ्ट हो सकते हैं।
पिछले महीने मंत्रालयों की शिफ्टिंग
पिछले महीने गृह, विदेश और कार्मिक मंत्रालयों को नए कर्तव्य भवन-3 में स्थानांतरित किया गया था। उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी ने पुरानी इमारतों की खराब स्थिति पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि गृह मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय दशकों से तंग और कम रोशनी वाली इमारतों में काम कर रहे हैं। औपनिवेशिक काल की इमारतों में जगह की कमी और आधुनिक सुविधाओं के अभाव के कारण नए ढांचे की जरूरत महसूस हुई। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति को दर्शाने के लिए बनाया जा रहा है।
जन्मदिन के मौके पर उत्साह
पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन देशभर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस खबर ने उनके जन्मदिन को और खास बना दिया है। यह शिफ्टिंग प्रशासनिक व्यवस्था को आधुनिक बनाने और भारत की वैश्विक छवि को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।