Ranchi : राजधानी रांची में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को करीब 40 डिग्री तापमान के बावजूद रात 10 बजे रिम्स अस्पताल में मरीज और उनके परिजन ठंडी हवा के लिए तरसते नजर आए। हालात ऐसे हैं कि अस्पताल के कई वार्डों में न तो पंखे ठीक से काम कर रहे हैं और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था दिखाई दे रही है। रिम्स में इलाज के लिए आए मरीज पहले से ही बीमारी से परेशान हैं, लेकिन अब उन्हें गर्मी की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक तरफ सही इलाज की कमी की शिकायत है, तो दूसरी तरफ उमस और तेज गर्मी ने मरीजों और परिजनों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
वार्डों में पंखे खराब, कई गायब भी
अस्पताल के तीसरे तल्ले सहित कई वार्डों में पंखों की हालत बेहद खराब है। कई पंखे काम नहीं कर रहे, कुछ जगह पंखे गायब हैं तो कुछ के पंख टूटे हुए हैं। इस वजह से मेडिसिन और न्यूरोसर्जरी जैसे वार्डों में भर्ती मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
परिजन खुद ला रहे पंखे
हालात इतने खराब हैं कि कई परिजन मजबूरी में बाहर से पंखे खरीदकर ला रहे हैं, ताकि मरीजों को थोड़ी राहत मिल सके।
गर्मी और उमस के बीच वार्डों में रहना लोगों के लिए बेहद मुश्किल हो गया है। लगातार शिकायतों के बावजूद अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसी वजह से सवाल उठ रहे हैं कि आखिर मरीज इलाज कराएं या फिर इस भीषण गर्मी से खुद को बचाएं। अगर जल्द ही पंखों और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो मरीजों की परेशानी और ज्यादा बढ़ सकती है।
Also Read : HEC में अब नहीं आएंगे गलत बिजली बिल, एक महीने में हर घर लगेगा स्मार्ट मीटर


