Palamu : पलामू के DIG किशोर कौशल शनिवार को बंशीधर नगर पहुंचे। यहां उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया और पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
डीआईजी किशोर कौशल ने एसडीपीओ कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों और पुलिस व्यवस्था की बारीकी से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों के साथ विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की।
डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि हर घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और अपराधियों के खिलाफ सख्त व प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है। पुलिस को सजग, संवेदनशील और जवाबदेह बनकर आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना होगा। इसके साथ ही उन्होंने लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने और क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह, इंस्पेक्टर गुलाब सिंह सहित अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी मौजूद थे।
Also Read : नगर निकाय चुनाव के आरक्षण पर सियासत तेज, बीजेपी ने उठाए सवाल


