Palamu : पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल ने शहर और जिले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सिविल कोर्ट परिसर और समाहरणालय स्थित सेंट्रल कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। डीआईजी ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को हमेशा सतर्क और सक्रिय रहना चाहिए।
सिविल कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा का जायजा
डीआईजी किशोर कौशल ने कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कोर्ट के प्रवेश द्वार पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता, चेकिंग प्रक्रिया और सुरक्षा इंतजामों को देखा। उन्होंने पुलिस बल को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर नजर रखें, कोर्ट परिसर में शांति और सुरक्षा बनाए रखें और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
कंट्रोल रूम में अपराध निगरानी का अवलोकन
डीआईजी ने समाहरणालय स्थित सेंट्रल कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां उपलब्ध संचार प्रणाली, आपातकालीन सूचना प्रबंधन, सीसीटीवी लाइव फूटेज की गुणवत्ता, विभिन्न थानों से सूचनाओं का संकलन और त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया की जानकारी ली। डीआईजी ने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो और सभी थानों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाए।

पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल को निर्देश दिए कि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फूटेज की लगातार निगरानी करें, अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करें, रिकॉर्ड्स और फाइलों का सही रखरखाव करें और आम लोगों को सुरक्षा प्रदान करने में सतर्क रहें। डीआईजी के साथ पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन भी मौजूद रहीं। निरीक्षण के दौरान सभी पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल उपस्थित थे। यह निरीक्षण यह सुनिश्चित करने के लिए किया गया कि पलामू जिले में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हर समय तैयार और सतर्क रहे।
Also Read : जनता से बदसलूकी बर्दाश्त नहीं, क्राइम मीटिंग में एसपी ने दिये सख्त निर्देश


