Khunti : खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खरीद-बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों के नाम जगदीश डहांगा (20 वर्ष), जबार पूर्ति (27 वर्ष) और रेजीश केरकेट्टा (23 वर्ष) बताये गये। जगदीश और जबार चाईबासा के रहने वाले हैं। वहीं, रेजिश सिमडेगा का रहने वाला है। पुलिस ने इनके पास से 980 ग्राम अवैध अफीम, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक काला बैग और थैला बरामद किया है। जब्त सामानों की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
एसपी ऋषभ गर्ग ने मीडिया को बताया कि आज यानी 25 अप्रैल को सुबह करीब 10:10 बजे उन्हें गुप्त सूचना मिली कि मुरहू थाना क्षेत्र के नील फैक्ट्री के पास बंदगांव की ओर से कुछ लोग अवैध अफीम लेकर बेचने के लिए आने वाले हैं। वहीं रांची की ओर से कुछ लोग उसे खरीदने पहुंचने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ वरुण रजक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चाईबासा मुख्य मार्ग स्थित नील फैक्ट्री के पास पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
पुलिस ने मौके पर देखा कि सड़क किनारे लाल-काले रंग की पल्सर और आर्मी ग्रीन रंग की बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी थी। कुछ दूरी पर झाड़ियों के पास चार लोग आपस में बातचीत कर रहे थे। पुलिस बल को देखते ही सभी आरोपी भागने लगे। छापेमारी दल ने पीछा कर तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पूछताछ में कबूला खरीद-बिक्री का मामला
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान तीनों ने अफीम की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद मुरहू थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में एसडीपीओ वरुण रजक, इंस्पेक्टर फ्रांसिस जेबियर बाड़ा, मुरहू थाना प्रभारी नायल गोडविन केरकेट्टा, अमरजीत सिंकु, कुलदीप रोशन बारी, तकनीकी शाखा और मुरहू थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Also Read : बच्चों को स्कूल बस में चढ़ा रहा था खलासी, तेज रफ्तार हाइवा ने रौंद डाला


