Ranchi : रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्ड बिरसा मुंडा की हत्या और दान पेटी से चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में देव कुमार उर्फ रचित कुमार, विकास महली और आयुष कुमार दत्ता शामिल हैं। तीनों आरोपी मंदिर के पास की बस्ती के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 3 लाख 977 रुपये नकद, हत्या में इस्तेमाल खून लगा पत्थर और चोरी में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद किया है।
चोरी करते पकड़े जाने पर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात सुरक्षा प्रहरी बिरसा मुंडा की हत्या अज्ञात अपराधियों ने कर दी थी। वारदात के बाद अपराधियों ने मंदिर की दान पेटी से नकदी भी निकाल ली थी। इस मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 88/26 के तहत धारा 103/311 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत केस दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी मंदिर में चोरी करने पहुंचे थे। इसी दौरान सुरक्षा प्रहरी बिरसा मुंडा ने उन्हें पहचान लिया। पकड़े जाने और पहचान उजागर होने के डर से आरोपियों ने पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
एसएसपी के निर्देश पर बनी एसआईटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की रकम, हत्या में प्रयुक्त पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े, ताला तोड़ने के लिए इस्तेमाल किए गए लोहे के चार रॉड, टूटे हुए दो ताले और नया खरीदा गया कपड़ा व उसकी रसीद बरामद की गई।
पहले भी कई मामलों में शामिल रहा आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी देव कुमार उर्फ रचित कुमार पहले भी कई चोरी और आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ जगन्नाथपुर, पुंदाग, विधानसभा और धुर्वा थाना में कई केस दर्ज हैं। वहीं विकास महली के खिलाफ भी सुखदेव नगर थाना में आपराधिक मामला दर्ज है, जिसमें पोक्सो एक्ट की धारा भी शामिल है।
मंदिर सुरक्षा पर भी बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद जगन्नाथपुर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस अधिकारियों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। सीसीटीवी बढ़ाने, कंट्रोल रूम बनाने और रात्रि गश्त मजबूत करने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : खूंटी में 5 लाख की अफीम जब्त, खरीद-बिक्री करते तीन तस्कर गिरफ्तार


