Simdega : महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई में झारखंड के सिमडेगा से जुड़े बड़े अफीम कारोबार का खुलासा हुआ है। नागपुर की नारकोटिक्स विरोधी कार्रवाई दल और उमरेड थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सिमडेगा के एक होटल संचालक के घर से भारी मात्रा में अफीम, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 68 लाख 83 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
नागपुर में ट्रक चालक की गिरफ्तारी से खुला मामला
जानकारी के अनुसार 20 मई 2026 को नागपुर ग्रामीण की नारकोटिक्स विरोधी टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक चालक की गतिविधि संदिग्ध लगी। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 237.17 ग्राम अफीम बरामद हुआ। इसके बाद उमरेड पुलिस थाना में कांड दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया सिमडेगा का नाम
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने बड़ा खुलासा किया। उसने बताया कि उसने यह अफीम झारखंड के सिमडेगा स्थित होटल अंतरा से खरीदी थी। आरोपी ने यह भी कहा कि उसके कई साथी भी उसी जगह से अफीम खरीदते हैं।
यह जानकारी मिलते ही नागपुर ग्रामीण की एनडीपीएस टीम और उमरेड थाना पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपी को साथ लेकर 24 मई को टीम सिमडेगा पहुंची। यहां सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर सिमडेगा थाना और टी. टांगर थाना पुलिस की मदद से गोपनीय जांच शुरू की गई।

होटल मालिक की पहचान, घर से मिला छिपाकर रखा अफीम
जांच के दौरान आरोपी ने होटल अंतरा के मालिक मनीष कुमार की पहचान की। मनीष कुमार भंडारटोली का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसी व्यक्ति ने उसे अफीम बेचा था। इसके बाद संयुक्त टीम ने मनीष कुमार के घर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर और उसके पीछे छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में अफीम बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से कई अहम सामान भी जब्त किए।
नकदी और बिक्री का सामान भी मिला
छापेमारी में पुलिस को अफीम की खुदरा बिक्री में इस्तेमाल होने वाले कई सामान मिले। इनमें इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, पारदर्शी प्लास्टिक पॉलिथीन और रबर बैंड शामिल हैं। इसके अलावा घर से 23 लाख 35 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि सिमडेगा से दूसरे राज्यों में अफीम की सप्लाई की जा रही थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Also Read : कोडरमा में वन विभाग का बड़ा एक्शन, 20 लाख की अवैध लकड़ियां जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार


