Gaya : जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों (केजीबीवी) में शिक्षा को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। अब छात्राओं को स्कूल समय के बाद डाउट क्लास के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कृष्ण मुरारी गुप्ता ने टाइप थ्री और टाइप फोर श्रेणी के केजीबीवी में ऑनलाइन स्मार्ट डाउट क्लास शुरू करने की पहल की है। इसके तहत छात्राओं को उनके हॉस्टल में ही विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से ऑनलाइन पढ़ाई और मार्गदर्शन मिलेगा।
बैठक में उठा छात्राओं की परेशानी का मुद्दा
डीईओ कार्यालय में केजीबीवी वार्डेन के साथ हुई बैठक में छात्राओं की पढ़ाई, स्वास्थ्य और सुविधाओं पर चर्चा की गई। शाम की डाउट क्लास के दौरान कई छात्राओं को दूसरी जगह जाना पड़ता था, जो उनके लिए असुविधाजनक साबित हो रहा था। इसी समस्या का समाधान करने के लिए ऑनलाइन स्मार्ट क्लास शुरू करने का निर्णय लिया गया। सरकारी स्कूलों के विषय विशेषज्ञ शिक्षक इन ऑनलाइन क्लासों में पढ़ाई कराएंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद करेंगे।
डीईओ ने क्या कहा?
डीईओ कृष्ण मुरारी गुप्ता ने बताया कि ऑनलाइन स्मार्ट क्लास के लिए 4–5 शिक्षकों का चयन किया जा चुका है और अन्य शिक्षकों का चयन जारी है। जल्द ही ऑनलाइन क्लास शुरू कर दी जाएंगी। छात्राएं हॉस्टल से ही मोबाइल या आईसीटी लैब के माध्यम से जुड़ सकेंगी।
14 केजीबीवी में आईसीटी लैब की स्थापना
शिक्षा को डिजिटल रूप देने के लिए गया जिले के 14 केजीबीवी में आईसीटी लैब स्थापित की जा रही हैं। इन लैबों में कंप्यूटर, इंटरनेट, डिजिटल लर्निंग सामग्री, स्मार्ट टीवी और अन्य उपकरण उपलब्ध रहेंगे। इनमें 9 टाइप थ्री और 5 टाइप फोर श्रेणी के विद्यालय शामिल हैं। टाइप थ्री स्कूलों में 200 और टाइप फोर में 100 छात्राओं की क्षमता है। हालांकि वर्तमान में लगभग 1400 छात्राएं नामांकित हैं।
किन-किन स्कूलों में बन रही हैं आईसीटी लैब?
टाइप थ्री केजीबीवी : अतरी, बाराचट्टी, बोधगया, गुरुआ, इमामगंज, खिजसराय, मोहड़ा, परैया, टिकारी
टाइप फोर केजीबीवी : बेलागंज, डोभी, गया टाउन, टनकुप्पा, वजीरगंज
छात्राओं को मिलेगा सुरक्षित और तकनीकी वातावरण
आईसीटी लैब और ऑनलाइन स्मार्ट डाउट क्लास शुरू होने से छात्राओं को पढ़ाई के लिए एक सुरक्षित, आधुनिक और तकनीकी माहौल मिलेगा। विभाग को उम्मीद है कि इससे पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार होगा और छात्राओं की प्रतियोगी क्षमता भी बढ़ेगी।
Also Read : अरगोड़ा चौक स्थित लिकर बार का लाइसेंस सस्पेंड, SSP की अनुशंसा पर DC ने की कार्रवाई


