Jamshedpur : गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को जमशेदपुर शहर में भारी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इस संबंध में डीसी और एसपी द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, 26 जनवरी को सुबह 6:00 बजे से रात 11:00 बजे तक शहर में ट्रक, हाईवा, डंपर सहित अन्य भारी व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, यह प्रतिबंध बसों पर लागू नहीं होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से पूरी तरह छूट दी गई है। एंबुलेंस, दमकल विभाग की गाड़ियां, दूध आपूर्ति करने वाले वाहन और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन शहर में निर्बाध रूप से आ-जा सकेंगे।
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह गोपाल मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह के दौरान गोपाल मैदान और उसके आसपास के क्षेत्रों में यातायात दबाव को कम करने तथा अधिकारियों व दर्शकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
इसके साथ ही ट्रैफिक डीएसपी को निर्देश दिए गए हैं कि गणतंत्र दिवस के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
Also Read : लोहरदगा में जिला परिषद अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

