जोहार लाइव ब्यूरो
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के मामले में 9 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है.यह कार्रवाई आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित एनआईए की विशेष अदालत में की गई है.
जिन आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल किया गया है, उनमे मो रहमतुल्लाह शरीफ, मोहम्मद दानिश, मिर्जा सोहेल बेग, लकी अहमद, जिशान अब्दुल माजिद, मीर आसिफ अली, अब्दुल सलाम, शाहरुक खान और शेख फैज उर रहमान शामिल हैं.
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 61(2), 3(5) और 152 के साथ-साथ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 13(1), 38 और 39 के तहत चार्जशीट दाखिल की गई है.
जानकारी के अनुसार यह मामला इस वर्ष 23 मार्च 2026 को विजयवाड़ा के II टाउन पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था. इस मामले में अब तक 11 आरोपियों और एक विधि का उल्लंघन करने वाले किशोर को गिरफ्तार किया जा चुका है.
साजिश का पर्दाफाश: जांच से स्पष्ट हुआ है कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन आईएसआईएस (ISIS) से जुड़े ये आरोपी इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करके निर्दोष युवाओं को भड़काते थे. इनका मुख्य उद्देश्य भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को नुकसान पहुंचाना था.
विस्फोटक और गुप्त ऐप: जांच में सामने आया है कि आरोपी न केवल विस्फोटक बनाने और हथियार चलाने का प्रशिक्षण लेने की तैयारी कर रहे थे, बल्कि गुप्त बातचीत के लिए उन्होंने खुद का एक सुरक्षित संचार ऐप भी विकसित और टेस्ट किया था.
Also Read : देश और आतंकवाद को लेकर किया था आपत्तिजनक पोस्ट, रांची पुलिस ने किया गिरफ्तार

