Ranchi : रांची के सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिले के दूसरे सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में अब नेफ्रोलॉजी विभाग शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इस विभाग के शुरू होते ही किडनी से जुड़ी सभी जांच और इलाज की सुविधा यहीं उपलब्ध होगी। इससे किडनी मरीजों को रिम्स या निजी अस्पतालों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही इलाज का खर्च भी कम होगा।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार नेफ्रोलॉजी विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसके लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। वर्तमान में रोजाना 1500 से अधिक मरीज सदर अस्पताल की ओपीडी में इलाज करवाने आ रहे हैं, जिससे स्पेशलिस्ट सेवाओं का विस्तार बेहद जरूरी हो गया है। अभी मेडिसिन विभाग में ही किडनी मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
सदर अस्पताल में मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, आंख और स्किन विभाग पहले से मौजूद हैं। अब किडनी विभाग जुड़ने से अस्पताल की क्षमता और बढ़ जाएगी। खासकर गरीब मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि निजी अस्पतालों में किडनी का इलाज काफी महंगा होता है।
न्यूरो फिजिशियन ओपीडी भी खुलेगी
अस्पताल प्रशासन ने यह भी बताया कि जल्द ही न्यूरो फिजिशियन ओपीडी की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इसके शुरू होने के बाद मरीजों को दिमाग और नसों से जुड़ी बीमारियों का इलाज भी एक ही जगह मुमकिन होगा।
अधिकारियों के अनुसार बढ़ती मरीज संख्या को देखकर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बढ़ाना समय की जरूरत है। आने वाले दिनों में अस्पताल में और भी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू करने की योजना है।


