रांची में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार की मांग को लेकर निकाला गया छात्रों का विधानसभा मार्च उस समय विवादों में आ गया, जब ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर एक युवक ने स्याही फेंक दी. अचानक हुई इस घटना से मार्च में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी.
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुआ यह मार्च विधानसभा की ओर बढ़ा. इसमें राज्य के अलग-अलग जिलों से पहुंचे बड़ी संख्या में छात्र और अभ्यर्थी शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां, बैनर और तिरंगे थे. वे भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के खिलाफ नारे लगा रहे थे और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे थे.
दिल्ली के बाद झारखंड के आंदोलन में शामिल हुईं नेहा बोरा
नेहा बोरा हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं. झारखंड के आंदोलन को समर्थन देने के लिए वह विशेष रूप से रांची पहुंची थीं. उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला है और जब तक व्यवस्था में ठोस बदलाव नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
स्याही फेंकने की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था सख्त
घटना के बाद धरना स्थल और मार्च मार्ग पर तनाव का माहौल बन गया. कई प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी रैली के दौरान सुरक्षा में चूक कैसे हुई. जानकारी के अनुसार, झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने पहले से ही आंदोलन को लेकर अलर्ट जारी किया था और अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए गए थे.
पुलिस अब हिरासत में लिए गए युवक से यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने यह हरकत क्यों की और उसके पीछे किसी संगठन या व्यक्ति का हाथ था या नहीं.
स्याही फेंके जाने की घटना के बावजूद आंदोलनकारी छात्रों ने साफ कहा कि वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे. उनका कहना है कि यह लड़ाई किसी एक संगठन या नेता की नहीं, बल्कि उन हजारों युवाओं की है जो निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया चाहते हैं. छात्रों ने कहा कि ऐसी घटनाएं आंदोलन को कमजोर नहीं करेंगी, बल्कि उनकी एकजुटता को और मजबूत करेंगी.

Also Read : झारखंड : छात्र आंदोलन पर CM का बड़ा बयान, बोले- छात्रों से बात करने के लिए तैयार



