Pakur : जिले के भवानीपुर पंचायत भवन में नालसा की जागृति योजना के तहत एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिवाकर पांडे के निर्देश पर और सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर में डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल ने नालसा की जागृति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य ग्रामीण और वंचित वर्गों तक निःशुल्क कानूनी सहायता पहुँचाना और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। यह योजना वर्ष 2025 में शुरू की गई थी।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को मौलिक अधिकारों, कानूनी प्रक्रियाओं और नालसा की सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को यह भी बताया गया कि वे हेल्पलाइन नंबर 15100 के माध्यम से किसी भी कानूनी मदद या मार्गदर्शन के लिए संपर्क कर सकते हैं।
पंचायत मुखिया महमोदा खातून, अन्य जनप्रतिनिधि और पैरा लीगल वॉलंटियर्स एजारूल शेख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि यह योजना न्याय को केवल अदालतों तक सीमित न रखकर सीधे आम नागरिकों तक पहुँचाने का प्रयास है, जो विशेष रूप से कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए लाभकारी साबित हो रही है।


