Gumla : गुमला जिले के अरमई पंचायत के पुग्गू बड़का टोली गांव में महिला लीना पैकरा के टेंपो में अज्ञात अपराधियों ने आग लगा दी। लीना अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं।
लीना ने पहले दारू बेचने से इंकार कर आत्म-सम्मान के साथ टेंपो चलाना शुरू किया था। उनके इस प्रयास को देखते हुए फसिया पंचायत के मुखिया नरेश उरांव ने 18 दिसंबर को उन्हें सम्मानित भी किया था।
लीना ने बताया कि आग लगने से तीन दिन पहले उनके टेंपो के चक्के की चोरी हो गई थी। नए साल की रात लगभग 8:30 बजे अज्ञात अपराधियों ने उनके टेंपो में आग लगा दी।
घटना की शिकायत लीना ने गुमला थाना में दर्ज कराई। थाना प्रभारी महेंद्र करमाली दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे।
फसिया पंचायत मुखिया नरेश उरांव ने बताया कि लीना ने 2022 में ऑटो खरीदा था और आत्मनिर्भर बनना चाहती थीं, क्योंकि उनके पति मुंदर साय ऑटो चलाना नहीं जानते और बढ़ई का काम करते हैं। इस आगजनी से लीना के रोजी-रोटी पर संकट उत्पन्न हो गया है।
Also Read : दुमका पहुंचे बिहार के मंत्री और विधायक, बाबा बासुकीनाथ मंदिर में की पूजा


