Palamu : पलामू में निकाय चुनाव को लेकर मतदान कर्मियों की ट्रेनिंग का अंतिम दिन बुधवार को पूरा हो गया। इस बार चुनाव बैलेट पेपर से होगा। पलामू जिले के पांच अलग-अलग क्षेत्रों में वोटिंग कराई जाएगी। मेदिनीनगर में जीएलए कॉलेज में स्ट्रांग रूम बनाया गया है, वहीं से मतदान कर्मियों को डिस्पैच किया जाएगा।
डीसी और एसपी ने लिया प्रशिक्षण का जायजा
पलामू की डीसी समीरा एस और एसपी रीष्मा रमेशन ने बुधवार को मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का भी जायजा लिया। उन्होंने बहलोलवा, पहाड़ी और रेडमा पशुपालन मतदान केंद्र का निरीक्षण कर वहां वोटरों की सुविधा और सुरक्षा की समीक्षा की।
स्ट्रांग रूम और डिस्पैच एरिया की तैयारियां
पोलिंग पार्टी का तीसरा और अंतिम दिन का प्रशिक्षण पूरा हो गया है। डीसी और एसपी ने स्ट्रांग रूम और डिस्पैच एरिया की तैयारियों का जायजा लिया और ट्रैफिक प्लान और विधि व्यवस्था की समीक्षा की। वोटिंग के दौरान मतदान केंद्र पर एंट्री और एग्जिट की सुविधा, सुरक्षा, और मतदाताओं की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया।
246 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
पलामू जिले के मेदिनीनगर नगर निगम, बिश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद, छतरपुर और हरिहरगंज नगर पंचायत में कुल 246 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मेदिनीनगर के जीएलए कॉलेज में स्ट्रांग रूम और डिस्पैच सेंटर स्थापित किया गया है। वहीं जीएलए कॉलेज में ही मतों की गिनती की जाएगी।
अधिकारियों ने दी अंतिम तैयारियों की समीक्षा
डीसी और एसपी ने मतदान प्रक्रिया को सुचारु और परेशानी मुक्त बनाने के लिए अधिकारियों को कई निर्देश दिए। उनका मकसद है कि मतदाता मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न झेले और उन्हें सभी सुविधाएं उपलब्ध हों।
Also Read : लूट का किया विरोध तो मार दी थी गोली, 24 घंटे के भीतर दो आरोपी अरेस्ट

