विश्व के चौथे सबसे रईस शख्स बने मुकेश अंबानी

Joharlive Desk

नई दिल्ली : रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी फ्रांस के बर्नार्ड अर्नाल्ट को पछाड़ कर अब दुनिया के चौथे सबसे रईस शख्स बन गए हैं। इस सूची में मुकेश अंबानी से ऊपर केवल फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग, माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स और अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस हैं।
हाल ही में उद्योगपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ‘फ्यूचरब्रांड सूचकांक 2020’ में एपल के बाद दुनिया का दूसरा सबसे ब्रांड बना था। इतना ही नहीं, उनकी कंपनी रिलायंस बाजार पूंजीकरण (बाजार हैसियत) के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी भी है। पिछले कारोबारी दिन रिलायंस का शेयर 2146 रुपये पर बंद हुआ। 27 जुलाई को इसने 2198 रुपये के उच्चतम स्तर को छुआ था।
इतनी हुई संपत्ति
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की रियल टाइम नेटवर्थ के अनुसार, अंबानी की संपत्ति 80.6 अरब डॉलर यानी करीब 6.03 लाख करोड़ रुपये हो गई है। इस साल उनकी संपत्ति में 22 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। उन्होंने जियो प्लेटफॉर्म्स में विनिवेश की प्रक्रिया शुरू की और 1.5 लाख करोड़ से ज्यादा का फंड इकत्रित किया। जियो को वैश्विक स्तर पर लगातार निवेश मिलने से इनकी संपत्ति में इजाफा हुआ है। इसके साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज कर्जमुक्त भी हो चुकी है। इन कारकों की वजह से उनकी दौलत बढ़ी है।
अंबानी से ऊपर सिर्फ तीन उद्योगपति
पहला स्थान – ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस की कुल संपत्ति 187 अरब डॉलर है। इस साल उनकी संपत्ति में 72.1 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। वह पहले स्थान पर हैं।
दूसरा स्थान – दूसरे स्थान पर माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स हैं। उनकी कुल संपत्ति 121 अरब डॉलर है। इस साल उनकी संपत्ति में 7.5 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है।
तीसरा स्थान – फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 102 अरब डॉलर है। इस साल उनकी दौलत में 23 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। जुकरबर्ग हाल ही में पहली बार 100 अरब डॉलर के क्लब में शामिल हुए हैं।