Bokaro : झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। बोकारो पुलिस ने एसटीएफ पटना और बिदर से मिले इनपुट के आधार पर बेरमो थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में चल रही एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक मुख्य आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि बेरमो के सुभाषनगर इलाके में कुछ आपराधिक तत्व अवैध रूप से देशी हथियार बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर बेरमो एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजकुमार सिंह उर्फ बंटी के सीसीएल क्वार्टर स्थित घर में छापा मारा।
घर के अंदर चल रही थी हथियार बनाने की फैक्ट्री
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के अंदर अवैध हथियार निर्माण का पूरा सेटअप देखा। मौके से चार अपराधियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवघर निवासी उस्मान अंसारी उर्फ अरमान, मुंगेर निवासी मो. रिजवान, मो. इम्तियाज और संजय कुमार साव उर्फ संजय कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से अवैध हथियार बनाने का काम कर रहे थे और अलग-अलग राज्यों में पहले भी गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी राजकुमार सिंह उर्फ बंटी इस नेटवर्क का स्थानीय कनेक्शन है, जिसकी तलाश की जा रही है।
भारी मात्रा में हथियार और मशीनें बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में हथियार बनाने का सामान बरामद किया। इनमें 7 जिंदा कारतूस, 6 अर्धनिर्मित पिस्टल बॉडी, 6 स्लाइडर, 6 पिस्टल के हिस्से, 20 अर्धनिर्मित बैरल और बड़ी संख्या में लोहे के टुकड़े, ड्रिल बिट, कटर और अन्य उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली लेथ मशीन, मिलिंग मशीन, ड्रिल मशीन और मोटर ग्राइंडर भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने मौके से 6 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
मुंगेर कनेक्शन आया सामने
इस मामले में सबसे अहम बात यह है कि गिरफ्तार चार में से तीन आरोपी बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले हैं। मुंगेर लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण के लिए बदनाम रहा है। ऐसे में बोकारो में मिनी गन फैक्ट्री का संचालन इस बात का संकेत है कि हथियार तस्करी का नेटवर्क अब दूसरे राज्यों तक फैल चुका है।
कई गंभीर मामलों में पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास लंबा है। उस्मान अंसारी पर आर्म्स एक्ट, हत्या और लूट जैसे कई मामले दर्ज हैं। वहीं मो. रिजवान पर मुंगेर के अलग-अलग थानों में कई पुराने केस दर्ज हैं। मो. इम्तियाज और संजय कुमार साव भी पहले अवैध हथियार निर्माण के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मिनी गन फैक्ट्री से बने हथियार किन-किन जिलों और राज्यों में सप्लाई किए जाते थे। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Also Read : टाटानगर यार्ड से रिहायशी इलाके तक पहुंचा तेंदुआ, लोगों में दहशत


