रंग लाई हेमंत की मुहिम, हवाई जहाज से प्रवासी मजदूर आयेंगे रांची

Joharlive Team

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयास से राज्य के 180 प्रवासी मजदूर गुरुवार को हवाई जहाज से मुंबई से वापस अपने घर आ रहे हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि मुख्यमंत्री के अथक प्रयास से निजी विमानन कंपनी एयर एशिया के फ्लाइट से गुरुवार को सुबह आठ बजकर पंद्रह मिनट पर झारखंड के 180 प्रवासी मजदूर महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से वापस अपने घर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री प्रवासी मजदूरों की सहायता के वादे को पूरा करने के लिये कृतसंकल्पित है।
सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रवासी मजदूरों को वापस लाने के लिए केंद्र सरकार से कई बार समन्वय भी स्थापित किया है। उन्होंने पत्र के माध्यम से झारखण्ड के प्रवासी मजदूरों के हित के लिये केंद्र से आग्रह किया कि झारखण्ड के कई प्रवासी मजदूर जो दूर के अन्य राज्यों में फंसे है, जहां से उन्हें ट्रेन एवं बस के माध्यम से घर वापस लाना काफी कठिन हो रहा है। ऐसे सभी जगहों से स्पेशल फ्लाईट के माध्यम से उन्हें रांची लाया जा सके।