Ranchi : झारखंड में मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य के दो प्रमुख मेडिकल कॉलेजों में MBBS सीटें बढ़ाने को मंजूरी मिल गई है। धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में MBBS की सीटें बढ़ाकर 150 कर दी गई हैं, जबकि जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज में 100 सीटों को मंजूरी मिली है। इस फैसले से राज्य में मेडिकल शिक्षा को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सीटें बढ़ने के बाद अब झारखंड के ज्यादा छात्र राज्य में ही मेडिकल की पढ़ाई कर सकेंगे। हर साल बड़ी संख्या में छात्र MBBS में एडमिशन के लिए दूसरे राज्यों का रुख करते हैं, लेकिन सीटें बढ़ने से अब उन्हें राहत मिलेगी। सरकार का मानना है कि इससे सिर्फ मेडिकल शिक्षा ही मजबूत नहीं होगी, बल्कि आने वाले समय में राज्य में डॉक्टरों की कमी भी दूर करने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य व्यवस्था को भी मिलेगा फायदा
विशेषज्ञों का कहना है कि मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ने का सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ेगा। ज्यादा डॉक्टर तैयार होंगे तो ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हो सकेंगी। राज्य सरकार लगातार मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में मेडिकल कॉलेजों में सीट बढ़ाने की प्रक्रिया तेज की गई है।
आने वाले समय में और सीटें बढ़ाने की तैयारी
जानकारी के मुताबिक, सरकार आने वाले वर्षों में दूसरे सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी MBBS और PG सीटें बढ़ाने की तैयारी कर रही है। राज्य सरकार ने नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से कई नए प्रस्तावों पर भी मंजूरी मांगी है। सरकार का लक्ष्य अगले कुछ वर्षों में झारखंड में मेडिकल सीटों की संख्या को काफी बढ़ाना है, ताकि राज्य के छात्रों को बेहतर अवसर मिल सके। सीटें बढ़ाने की खबर सामने आने के बाद मेडिकल की तैयारी कर रहे छात्रों और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल है। छात्रों का कहना है कि अब झारखंड में मेडिकल पढ़ाई के अवसर पहले से ज्यादा बढ़ेंगे और प्रतियोगिता का दबाव भी कुछ हद तक कम होगा।
Also Read : वट सावित्री पूजा पर श्रद्धा का सैलाब, पति की लंबी उम्र के लिए सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत


