Dhanbad : जिले के सोनारडीह थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार अपराधियों ने घर में घुसकर जनता मजदूर संघ के नेता और मेयर संजीव सिंह के समर्थक शुभम यादव को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने उसे तीन गोलियां मारीं और मौके से फरार हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के वक्त शुभम अपने दादा-दादी के साथ घर पर मौजूद था। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। स्थिति नाजुक होने पर उसे अशर्फी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचे मेयर, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। वहीं ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी और सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मृतक का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस के अनुसार, शुभम यादव का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज थे। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि शुभम यादव को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं मेयर संजीव सिंह ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से जल्द खुलासा करने की मांग की है।
Also Read : गुमला में भाजपा का प्रदर्शन, धरना रोके जाने पर एनएच किनारे बैठे कार्यकर्ता


