Ranchi : हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन आज से पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। दोनों नेता 18, 19 और 20 अप्रैल तक तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशियों के समर्थन में विभिन्न क्षेत्रों में चुनावी सभाएं करेंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा पहले ही टीएमसी को समर्थन देने की घोषणा कर चुका है।
जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची से हेलीकॉप्टर द्वारा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के काशीपुर और अन्य क्षेत्रों में पहुंचेंगे। वहां वे तीन अलग-अलग स्थानों पर चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। दिनभर के कार्यक्रम के बाद उनका शाम तक रांची लौटने का कार्यक्रम है।
पार्टी के केंद्रीय सचिव अभिषेक प्रसाद पिंटू ने बताया कि 19 और 20 अप्रैल को भी हेमंत सोरेन के साथ कल्पना सोरेन पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में जाकर टीएमसी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगी। इन सभाओं में स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ केंद्र और राज्य की राजनीति पर भी बात होगी।
पार्टी नेताओं का कहना है कि जिन क्षेत्रों में दोनों नेता प्रचार करेंगे, वहां झारखंड मुक्ति मोर्चा का प्रभाव भी देखा जाता है, जिसका फायदा टीएमसी उम्मीदवारों को मिल सकता है।
गौरतलब है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इस बार पश्चिम बंगाल चुनाव में अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है और पहले ही टीएमसी को समर्थन देने की घोषणा कर दी थी। इसी रणनीति के तहत अब पार्टी के शीर्ष नेता सीधे चुनावी मैदान में उतरकर टीएमसी के लिए प्रचार कर रहे हैं।
Also Read : गढ़वा-पलामू के युवाओं के लिए बड़ी पहल: भाषा नियम बदलाव की मांग, CM हेमंत से मिले मिथिलेश ठाकुर


